रायबरेली। मौसम में बदलाव और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इमरजेंसी में बेडों को छोड़कर सभी वार्ड मरीजों से फुल हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार को बुखार के करीब 400 मरीज पहुंचे। सीएचसी व पीएचसी में भी आधे से अधिक मरीज जुकाम-बुखार से संबंधित रहे। जिला अस्पताल में भी बुखार से संबंधित दवाओं की किल्लत बढ़ गई है।
मौसम में बदलाव हो रहा है। दिन में गर्मी, जबकि रात के वक्त सर्दी पड़ने लगी है। मौसम में बदलाव के चलते लोग सर्दी, बुखार व जुकाम के शिकार हो रहे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार को 1500 मरीज इलाज कराने पहुंचे। इसमें सबसे ज्यादा मरीज बुखार के थे। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.बीरबल का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसलिए हम सबको सतर्क रहने की जरूरत है।
खासकर शाम के वक्त गर्म कपड़े पहने। गर्मी लगने पर तुरंत ठंड से बचने का प्रयास करें। सीएचसी-पीएचसी में भी बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
मरीजों के बढ़ने से सीएचसी-पीएचसी में पैरासिटामॉल सहित जरूरी दवाओं की किल्लत बढ़ गई है। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई सीएचसी में तो बच्चों के बुखार की सिरप नहीं मिल रही है।
सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण जुकाम और बुखार के रोगी बढ़े हैं। सीधे कॉर्पोरेशन से अस्पतालों को दवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। मरीज बढ़ने के कारण कुछ अस्पतालों में दवाओं की समस्या बढ़ी है।