भितराघात की आशंका ने उड़ाई दिग्गजों की नींद
सभी दलों में है भितरघात की आशंका, असंतुष्ट नेताओं, दावेदारों व समर्थकों को पाले में लाने के लिए जोरआजमाइश
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। जिले की सभी विधानसभा सीटों पर राजनीतिक दलों में इन दिनों घमासान मचा है। भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में हैं लेकिन, भितरघात की आशंका ने सभी दलों के दिग्गजों की नीद उड़ा रखी है। दरअसल, सभी दलों में टिकट न मिलने से असंतुष्ट दावेदारों व समर्थकों में नाराजगी अभी दूूर नहीं हुई है। इसने नेताओं व समर्थकों की बेचैनी बढ़ा दी है। भितरघात रोकने के लिए सभी दलों के प्रत्याशी उन्हें साधने में जुटे हुए हैं। रात-रात भर प्रत्याशी उनके घरों की परिक्रमा कर रहे हैं।
टिकट की दावेदारी के वक्त से भाजपा, सपा, बसपा में शुरू हुई उठापटक चुनाव के परवान चढ़ने के साथ-साथ गंभीर होती जा रही है। जिले की सभी सीटों पर सभी दलों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को भितरघात की आशंका सता रही है। टिकट न मिलने से असंतुष्ट दावेदार और उनके समर्थकों में अभी नाराजगी कम नहीं हुई है। रानीगंज, पट्टी, सदर, विश्वनाथगंज की चारों सीटों पर भितरघात की आशंका ज्यादा है। सभी प्रत्याशी दावेदारों के घरों की परिक्रमा कर रहे हैं। उनके समर्थकों को साधने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि माहौल बनने के साथ ही भितरघात की गुंजाइश न रहे। रातभर प्रत्याशियों का काफिला गांव-गांव निकल रहा है। दावेदारों को मनाने व समझाने में प्रत्याशी के साथ ही उनके समर्थक लगे हुए हैं। हालांकि अभी नाराजगी कम नहीं हुई है। कुछ दावेदार ऐसे हैं जो यह कह रहे हैं कि उन्हें कोई नाराजगी नहीं है। वह पार्टी के साथ हैं, मगर प्रचार-प्रसार से वे कन्नी काट रहे हैं। उनके समर्थक भी प्रत्याशी के साथ निकलने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। कुछ तो क्षेत्र से ही गायब हो गए हैं। वह फोन से प्रत्याशी के विरोध में रणनीति बना रहे हैं। इससे प्रत्याशियों की नींद उड़ गई है। वह उन्हें साधने के लिए पूरी जोआजमाइश कर रहे हैं।
इनसेट----------
प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने जिले में डाला डेरा
जिले में सभी दलों के प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने डेरा डाल रखा है। उन्हें सिर्फ असंतुष्ट दावेदारों को समझाने व मनाने के लिए लगाया गया है। जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ वे दावेदारों को मनाने में जुटे हुए हैं। अब देखना यह है कि वे कितना सफल हो पाते हैं।