लुटेरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस अब तक नाकाम
संवाद न्यूज एजेंसी
जेठवारा। हरि का पुरवा गांव में मंगलवार की सुबह टाइनी शाखा संचालक विवेक रंजन त्रिपाठी से डेढ़ लाख रुपये लूट के मामले में पुलिस क्षेत्र के दस संदिग्धों से पूछताछ के बाद अभी तक नाकाम लुटेरों की धरपकड़ में है। बाजार व चौराहों पर लगे सीसीटीवी खंगालने के बाद नकाबपोश बदमाशों को चिह्नित करने में अभी तक स्वॉट टीम भी जांच में फेल है।
जेठवारा के नूरपुर चमरूपुर पठान गांव के विवेक रंजन त्रिपाठी के साथ मंगलवार की सुबह हुई लूट की घटना पर आईजी प्रयागराज चंद्रप्रकाश ने नाराजगी जताई थी। एसपी सतपाल अंतिल ने जेठवारा थानाध्यक्ष को दो दिन के भीतर घटना का खुलासा करने की चेतावनी थी, जिसकी मियाद पूरी हो चुकी है। थाने की फोर्स बदमाशों की तलाश में हाथ-पैर चला रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बदमाश प्रयागराज के मऊआइमा की ओर भागे हैं। घटना के तीन दिन बाद पुलिस अभी तक हवा में तीर चलाते हुए दस संदिग्धों से पूछताछ की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कटरा गुलाब सिंह, मऊआइमा के आसपास कई दुकानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच में स्वॉट टीम लगी है। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश प्रयागराज क्षेत्र के हैं, यह आशंका पुलिस को है। इस मामले में सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना की जांच में पुलिस की अलग- अलग टीम लगी हैं।