भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले नगर पंचायत रानीगंज के कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी गई है। मुकदमा दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस ने उसके घर दबिश भी दी, मगर वह नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सांसद संगमलाल गुप्ता पर फेसबुक आईडी से रानीगंज थाना क्षेत्र के राजापुर खरहर निवासी आशुतोष पांडेय ने अमर्यादित टिप्पणी की थी। सांसद के पीआरओ अभिषेक पांडेय की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। उसके घर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। इस मामले ने तूल पकड़ा तो आशुतोष पांडेय की खोजबीन शुरू हो गई।
आशुतोष नगर पंचायत रानीगंज में आउटसोर्सिंग के जरिए कार्यालय सहायक की नौकरी करता है। सांसद की शिकायत के बाद ईओ रानीगंज ने पूर्वी उत्तर प्रदेश सुरक्षा गार्ड श्रमिक उत्थान एवं पुनर्वास सहकारी श्रम संविदा समिति को आशुतोष की नौकरी समाप्त करने के लिए पत्र भेजा। ईओ का पत्र मिलते ही समिति के सचिव ने आशुतोष पांडेय को तत्काल प्रभाव से कार्यालय सहायक के पद से हटा दिया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि सांसद के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने वाले की तलाश की जा रही है।