शराब पीने के दौरान हुए विवाद में रिश्तेदार के साथ मिलकर पड़ोसी ने दूध विक्रेता की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव गोमती नदी में फेंक दिया। घटना की जानकारी होने के बाद आक्रोशित परिजनों संग ग्रामीणों ने मदाफरपुर चौराहे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी से लोगों की झड़प हो गई। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने लाठियां पटककर जाम खुलवाया। मौके पर पहुंचे एसडीएम पट्टी के मदद व शव की खोजबीन ड्रोन कैमरे से कराने के वादे पर परिजन घर जाने के लिए तैयार हुए। पुलिस पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के देवकली निवासी दूध विक्रेता कृष्ण कुमार मौर्य (32) मंगलवार की शाम बाइक लेकर घर से निकला था। बुधवार को उसकी बाइक मदाफरपुर के करीब नहर के पास लावारिस मिली थी। परिवार के लोग अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी खोजबीन कर रहे थे। पुलिस भी तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने मदाफरपुर के करीब स्थित शराब की दुकान पर पूछताछ की। जिसके बाद कृष्ण कुमार के साथ हुई वारदात की जानकारी मिल गई। पुलिस ने उसके साथ रात में शराब पीने वाले पट्टीदार को उठा लिया।
सूत्रों के अनुसार कर्रा करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि सुलतानपुर के अपने रिश्तेदार के साथ वह शराब पी रहा था। उसने ही कृष्ण कुमार को भी बुलाया था। शराब पीने के दौरान अचानक उनके बीच विवाद होने लगा। तैश में आकर उसने रिश्तेदार के साथ मिलकर कृष्ण कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गोमती नदी में फेंक दिया।
किसी को शक न हो, इसलिए बाइक वहीं खड़ी कर दी। सीओ सिटी अभय पांडेय व कोहड़ौर थानाध्यक्ष ने मृतक कृष्ण कुमार के परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मदाफरपुर बाजार के चौराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। जाम के दौरान परिजनों को सीओ सिटी अभय पांडेय समझाने का प्रयास कर रहे थे। तभी कुछ लोग उत्तेजित हो गए। सीओ से उनकी तीखी झड़प हुई।
यह देख पुलिसकर्मियों ने लाठियां पटककर सड़क खाली कराई। पुलिसकर्मियों ने मेज, बल्ली हटाकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। बवाल की आशंका को देखते हुए कंधई थाने से भी फोर्स बुला ली गई थी। मौके पर पहुंचे एसडीएम पट्टी ने परिवार वालों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर सीओ सिटी अभय पांडेय ड्रोन कैमरे की मदद से गोमती नदी में शव की खोजबीन कराने में जुट गए। खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था।
कृष्ण कुमार की कमाई से चलता था परिवार का खर्च
मृतक कृष्ण कुमार की कमाई से परिवार का खर्च चलता था। एसडीएम से परिजनों ने प्रधानमंत्री आवास, पत्नी को विधवा पेंशन, जमीन का पट्टा, किसान बीमा के पांच लाख रुपये, परिवार को सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस के साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग करते हुए मांगपत्र सौंपा। परिजन पट्टीदार को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।