अब स्नातक की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद विश्वविद्यालय द्वारा प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। यही नहीं इस बार छात्र-छात्राओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए हेल्थ फिटनेस की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। राज्य विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को नए सत्र से पाठ्यक्रम में रोजगारपरक प्रशिक्षण और फिटनेस ट्रेनिंग को शामिल कर लिया है।
प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भैया विश्वविद्यालय प्रयागराज के कुलपति ने सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि इस बार शुरु हो रहे नए सत्र से स्नातक की पढ़ाई में रोजगारपरक प्रशिक्षण और हेल्थ फिटनेस की ट्रेनिंग दी जाए। अनिवार्य विषयों के साथ ही साल भर इन पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण छात्र-छात्राओं को दिया जाएगा। स्नातक प्रथम वर्ष में बेसिक्स ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, मत्स्य पालन जैसे रोजगारपरक विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
स्नातक द्वितीय वर्ष में बेसिक्स ऑफ माइक्रोसाफ्ट ऑफिस, ऊर्जा प्रबंधन, मृदा एवं जल संरक्षण एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अनिवार्य सह पाठ्यक्रम के तहत प्रथम वर्ष में भोजन, पोषण और स्वच्छता, प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य दूसरे वर्ष मानव मूल्यों और पर्यावरण अध्ययन के साथ शारीरिक शिक्षा व योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जबकि तीसरे वर्ष संचार कौशल और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।