सांगीपुर ब्लॉक में गरीब कल्याण मेले के दौरान कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट के बाद पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक मोना पर केस दर्ज होने के विरोध में व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को लालगंज व उदयपुर में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंदकर दुकानदारों ने प्रशासन से मुकदमे वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट पर रहा।
सांगीपुर में शनिवार को गरीब कल्याण मेले में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई थी। आरोप है कि कांग्रेस के पूर्व राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी व क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना की मौजूदगी में समर्थकों ने भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता की पिटाई की और उनके कपड़े फाड़ दिए।
मामले में सांसद, उनके गनर समेत कार्यकर्ताओं की तहरीर पर पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक आराधना मिश्रा मोना समेत सैकड़ों समर्थकों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस पंजीकृत कराया गया। प्रमोद व मोना पर केस दर्ज होने पर रामपुर खास में व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है।
तीन दिन से अलग-अलग बाजारों में लगातार दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन जारी है। रविवार को सांगीपुर व संग्रामगढ़ में बाजार बंद रहे, जबकि सोमवार को रामपुर बावली व जलेसरगंज बाजार में प्रतिष्ठान बंद कर व्यापारियों ने प्रमोद व मोना पर दर्ज केस हटाने की मांग की। यह सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा।
लालगंज व उदयपुर बाजार में व्यापारियों ने छह घंटे की पूर्ण बंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने प्रशासन से दो टूक कहा कि यदि प्रमोद व मोना दर्ज फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। लालगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष उदय शंकर उर्फ झल्लर दुबे ने बताया कि आदर्श नेता प्रमोद तिवारी व विधायक मोना पर बेवजह केस दर्ज करने के विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर शांतिपूर्ण विरोध जताया है।
सांगीपुर बवाल: सांसद संगमलाल पर हमले के नौ आरोपी गए जेल
सांगीपुर ब्लॉक सभागार में गरीब कल्याण मेले के दौरान कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बवाल और सांसद संगमलाल की पिटाई के मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। जेल भेजे गए सभी आरोपी अज्ञात में शामिल थे। उधर, छह मुकदमों में नामजद आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
सांगीपुर ब्लॉक सभागार में शनिवार को आयोजित गरीब कल्याण मेले में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई थी। इस मामले में भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता, उनके गनर व कार्यकर्ताओं की तहरीर पर पुलिस ने कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी व विधायक आराधना मिश्रा मोना समेत समर्थकों के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज किए थे।
बाद में पुलिस की ओर से छठां मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन इसमें प्रमोद व मोना नामजद नहीं किए गए। सांसद पर जानलेवा हमले का केस दर्ज होने के बाद सांगीपुर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों की शिनाख्त पर अज्ञात में शामिल नौ आरोपियों को धर दबोचा।
सांगीपुर पुलिस ने सांसद संगमलाल गुप्ता पर जानलेवा हमले के आरोप में मंगलवार को पुलिस ने बृजेश निवासी नेवादा, नौशाद व मो. सगीर निवासी सुजाखर, अब्दुल कादिर निवासी पूरेविजय सिंह, वीरेंद्र मिश्र व प्रभाकरनाथ निवासी कटरिया, प्रमोद कुमार व विनोद कुमार निवासी देऊम पूरब समेत देऊम पूरब के प्रधान विनोद सिंह के भाई विजय सिंह को जेल भेज दिया।
सांगीपुर एसओ ने बताया कि नौ आरोपियों को पहचान करने के बाद जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ताओं के घर दबिश पर एएसपी को सौंपा ज्ञापन
सांगीपुर ब्लॉक में कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट के मामले में खानीपुर अधिवक्ता अजीत सिंह के घर पुलिस की दबिश पड़ने पर अधिवक्ताओं ने आक्रोश जताया है। मंगलवार को तहसील परिसर में जुटे अधिवक्ता पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
इसके बाद संयुक्त अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष संतोष पांडेय व महामंत्री प्रवीण यादव ने कहा कि अधिवक्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जएगा। पुलिस ने अगर अधिवक्ताओं को किसी भी मामले में फंसाने का प्रयास किया तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके बाद आक्रोशित अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए सीओ कार्यालय पहुंचे और यहां मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी रोहित मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सांगीपुर एसओ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अधिवक्ताओं का उत्पीड़न रोकने की मांग उठाई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच व अधिवक्ताओं के घर दबिश नहीं देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पूर्व अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश, विकास मिश्र, राव वीरेंद्र सिंह, टीपी यादव, अजय शुक्ल गुड्डू, विपिन शुक्ल, शैलेंद्र सिंह, हरिशंकर द्विवेदी, शैलेंद्र मिश्र, सुधाकर मिश्र, अखिलेश द्विवेदी, धीरज पांडेय, हरेकृष्ण तिवारी, धीरेंद्र शुक्ल, गया प्रसाद, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
सांगीपुर बवाल में पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी। संवाद- फोटो : PRATAPGARH
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी व आराधना मिश्रा पर मुकदमा लिखे जाने के विरोध में जुलूस ािकालकर प्रद?- फोटो : PRATAPGARH
कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर कचहरी के बगल चौराहे पर तैनात पुलिस। संवाद- फोटो : PRATAPGARH