भुपियामऊ ओवर ब्रिज पर बदमाशों के हमले में घायल टाइनी शाखा संचालिका पूजा सिंह। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर भुपियामऊ ओवरब्रिज पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने टाइनी शाखा संचालिका से छिनैती का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाश उस पर हमला करते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही। सात घंटे के भीतर ही पुलिस की सक्रियता की पोल खुल गई। उसी स्थान पर मायके जा रही महिला के जेवरात व रुपयों से भरा पर्स बदमाशों ने उड़ा दिया।
नगर कोतवाली के एटीएल की रहने वाली पूजा सिंह पृथ्वीगंज बाजार में एसबीआई की टाइनी शाखा का संचालन करती हैं। बुधवार को वह अपने सहयोगी मंजीत मौर्य के साथ बाइक से टाइनी शाखा जा रही थीं। उनके पास शाखा के ढाई लाख रुपये थे। भुपियामऊ ओवरब्रिज के करीब बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे पूजा व मंजीत बाइक समेत गिर पड़े।
बदमाशों ने पूजा सिंह को लूटने का प्रयास किया, मगर रुपये बाइक की डिग्गी में होने के कारण बदमाश गच्चा खा गए। राहगीरों को आते देख बदमाश भाग निकले। घटना की जानकारी के बाद पहुंची पुलिस छानबीन करने लगी। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, सीओ सिटी अभय पांडेय व नगर कोतवाल ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार पूजा सिंह के साथ वर्ष 2015 में भी लूट की घटना हो चुकी है।
इस घटना के करीब सात घंटे बाद जामताली के मठिया की रहने वाली बबली गौतम अपने पति सुनील गौतम के साथ टेंपो से भुपियामऊ चौराहे पर उतरीं। वह मानधाता थाना क्षेत्र के सरायगोविंदराय में भाई की शादी में शामिल होने जा रही थीं। वह दूसरे टेंपो का इंतजार कर रही थीं। तभी बदमाशों ने उनका पर्स उड़ा दिया। जिसमें बीस हजार के जेवरात व दो हजार नकदी थी।
अभिकर्ता से 80 हजार की छिनैती
रानीगंज। फतनपुर थाना क्षेत्र के पूरे खांडेराय निवासी अरविंद मौर्या सुवंसा डाकघर में अभिकर्ता हैं। मंगलवार की रात वह बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश तमंचा सटाकर 80 हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भाग निकले। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है।