बीमारी से परेशान अधेड़ ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंदूक को कब्जे में ले लिया। वृद्ध की मौत से घर में कोहराम मचा रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पंडित का पुरवा खरगपुर निवासी राम करन मिश्र (55) गुरुवार की सुबह सोकर उठे। करीब 9.30 बजे वह अपने कमरे में चले गए और कुछ देर बाद अचानक उनके कमरे से गोली चलने की आवाज आई तो परिवार के लोग दौड़ पड़े। कमरे में देखा तो रामकरन खून से लथपथ पड़े थे। गोली उनके सिर में लगी थी। परिवार के लोग उन्हें लेकर जिला अस्पताल की ओर भागे। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। जेल चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर लालगंज कोतवाल, चौकी प्रभारी लीलापुर मौके पर पहुंचे। घटना की परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक को अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ में परिवार के लोगों ने बताया कि इन दिनों हृदय की बीमारी के कारण रामकरन बहुत परेशान रहते थे। पिछले साल ही आपरेशन हुआ था। वह कुछ दिनों से बहुत ही निराश हो चुके थे।