लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर बभनमई के पास सोमवार भोर में बाइक पर ट्रिपलिंग कर जा रहे ताऊ-भतीजे को ट्रक ने रौंद दिया। इससे दोनों की मौत हो गई, जबकि दूसरे भतीजे की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। हादसे के वक्त किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।
फतनपुर थाना क्षेत्र के रामापुर निवासी रोहित पटेल (18) पुत्र रामलखन पटेल ने रेलवे में ग्रुप डी के पद पर नौकरी के लिए आवेदन किया था। कानपुर में सोमवार को उसकी परीक्षा होनी थी। सोमवार भोर में रोहित को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस पर बैठाने के लिए बड़ा भाई राहुल पटेल (22) व ताऊ रामकरन पटेल (56) बाइक लेकर घर से निकले। रानीगंज थाना क्षेत्र के बभनमई के पास हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों दूर जा गिरे। ट्रक रामकरन व राहुल को रौंदते हुए गुजर गया, जबकि रोहित छिटक कर सड़क पर जा गिरा।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। जहां डाक्टरों ने रामकरन व राहुल को मृत घोषित कर दिया। रोहित की हालत गंभीर देख प्रयागराज रेफर कर दिया। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे।