शहर के करनपुर मोहल्ले में शिक्षक बृजेश कुमार का घर चोर खंगाल ले गए। सवा लाख के जेवरात के साथ ही चोरों ने बाइक, इंवर्टर भी पार कर दिया। चोरों ने छात्रों के कमरों का ताला तोड़कर लाखों का सामान समेट लिया। विरोध में छात्रों ने पुलिस चौकी का घेराव कर हंगामा किया। मानधाता स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक बृजेश कुमार करनपुर में किराए का मकान लेकर परिवार संग रहते हैं। शनिवार को वह अपने परिवार को पैतृक गांव अस्थरा पहुंचाने के बाद शाम को इलाहाबाद चले गए। रात में चोर बंद मकान में घुसे और बारह ताला तोड़कर शिक्षक के कमरे में घुस गए। चोरों ने आलमारी का ताला तोड़कर सोने का झुमका, चेन, अंगूठी समेत अन्य जेवरात समेट लिया। इसके अलावा बाइक और इंवर्टर भी उठा ले गए। चोरों के करतूत की आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।
रविवार दोपहर बृजेश परिवार के साथ कमरे पर पहुंचे तो सन्न रह गए। लोहे का दरवाजा भी तोड़ने की कोशिश की गई थी। चोरों ने सभी दरवाजों के ताले तोड़कर आलमारी में रखा जेवरात पार कर दिया था। बृजेश के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन चौकी प्रभारी अजीत शुक्ल छानबीन कर चोरों की तलाश करने लगे। पीड़ित शिक्षक ने कोतवाली में तहरीर दी है। दूसरी घटना चिलबिला में हुई। पालीटेक्निक चिलबिला में पढ़ने वाले अमरनाथ मौर्य, मोहम्मद अरसद अंसारी, मोहम्मद साउद और श्रवण कालेज के करीब ही किराए पर कमरा लेकर रहते हैं। बीती रात चोरों ने छात्रों के कमरे से मोबाइल, लैपटाप, बीस हजार नकद व कीमती सामान उड़ा दिए। रविवार की सुबह छात्र नारेबाजी करते हुए पुलिस चौकी पहुंचे और जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप था कि शिकायत के बाद पुलिस मौके पर नही पहुंची। चौकी प्रभारी ने नाराज छात्रों को किसी तरह समझा बुझाकर वापस किया।करनपुर मोहल्ले में अभी तीन माह पहले पीडब्ल्यूडी के जेई और एक शिक्षक का बंद मकान चोर खंगाल ले गए थे। चोरी के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली लेकिन चोर पकड़े नही जा सके। मोहल्ले के लोगों ने रविवार को इस बात पर आक्रोश जताया कि यदि पहले हुई चोरी की घटना का खुलासा हो गया होता तो आज यह नौबत न आती।