चायल (ब्यूरो)। पीपलगांव (धूमनगंज) की गीतादेवी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पंकज उर्फ अनुराग को शनिवार की रात पुलिस ने धरदबोचा। उसके पास से चोरी की बाइक भी पुलिस को मिली है। पुलिस का दावा है कि इसी मोटर साइकिल से शव लाकर युवक और उसके दोस्त ने ठिकाने लगाया था। पुलिस ने हत्यारोपी को जेल भेज दिया है।
बता दें कि पिपरी कोतवाली के कटौहुला गांव के समीप 15 दिसंबर की सुबह एक विवाहिता की क्षत-विछत लाश मिली थी। करीब 10 दिन पुरानी लाश पूरी तरह से सड़ चुकी थी। कपड़ों से घरवालों ने शव की पहचान की। यह लाश धूमनगंज कोतवाली के पीपलगांव (इलाहाबाद) की रहने वाली गीता देवी का था। तफ्तीश में जुटी पुलिस ने इस मामले में गांव के ही एक युवक शालू को शव मिलने के तीन दिन बाद ही धरदबोचा था। उससे हुई पूछताछ में पता चला कि घटना का मुख्य आरोपी पंकज उर्फ अनुराग पीपलगांव का रहने वाला है। तभी से पिपरी पुलिस पंकज की तलाश में थी। शनिवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घर में दबिश देकर उसे धरदबोचा। पुलिस को उसके पास के एक चोरी की बाइक भी मिली है।
एसओ पीके यादव ने बताया कि इसी मोटर साइकिल से उसने हत्या के बाद शव को लाकर कटौहुला गांव के समीप फेंका था। एसओ के मुताबिक पंकज और शालू ने विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया था। इसी दौरान छीना-छपटी के दौरान गिरने से सिर में चोट आने से विवाहिता अचेत हो गई थी। इससे घबराकर दोनों ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी।