सेना अभ्यर्थियों का बवाल लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। जनता एक्सप्रेस को अंतू और चिलबिला रेलवे स्टेशन पर रोककर हंगामा किया। इसके चलते वाराणसी-लखनऊ मार्ग घंटों बाधित रहा। पुलिस ने लाठी पटक कर उपद्रवियों को भगाया। हंगामे के चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। रायबरेली में चल रही सेना भर्ती का खामियाजा ट्रेन यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। रेल और पुलिस प्रशासन उनके सामने असहाय नजर आ रहा है। शुक्रवार को सुल्तानपुर की भर्ती से लौट रहे अभ्यर्थियों ने देहरादून से वाराणसी जाने वाली जनता एक्सप्रेस पर कब्जा कर लिया। पूरे रास्ते बवाल करते आए। मिसरौली और अंतू के बीच में कई बार चेन पुलिंग की गई। ट्रेन रास्ते में रोककर उपद्रवी तत्वों करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा करते रहे।
इसी जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामा कर रहे लोगों को लाठी पटक कर शांत कराया। तब जाकर ट्रेन चली। ट्रेन चिलबिला पहुंची तो उपद्रवियों ने यहां पर जमकर हंगामा किया। ट्रेन से उतरे सैकड़ों अभ्यर्थी चिलबिला बाजार में हंगामा करने लगे। मैजिक, बस और टेंपो को रोककर जबरन बैठ गए। जनता एक्सप्रेस की लेट-लतीफी का असर इस रूट की बाकी ट्रेनों पर पड़ा। इसके चलते पंजाब मेल, वीएल, और देहरादून जाने वाली जनता भी लेट हुई। हंगामा के चलते जनता एक्सप्रेस करीब पांच बजे प्रतापगढ़ पहुंची। ट्रेन से उतरे यात्रियों ने रास्ते में हुए हंगामे का हाल बताया।