नगर कोतवाली के सगरा में रहने वाले मानधाता ब्लाक के सहायक विकास अधिकारी के घर का ताला तोड़कर चोर रिवाल्वर समेत लाखों रुपये का सामान पार कर दिए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। घटना के समय सहायक विकास अधिकारी का परिवार अपने पैतृक गांव गया था। उसकी पत्नी प्रधान पद का चुनाव लड़ रही है।
अंतू थाना क्षेत्र के मझिलहा तुलई गांव निवासी गंगाधर तिवारी मानधाता ब्लाक में सहायक विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह सगरा में मकान बनवाकर रहते हैं। बताया जाता है कि उनकी पत्नी पैतृक गांव से प्रधानपद की उम्मीदवार हैं। पूरा परिवार पैतृक गांव प्रचार प्रसार करने के लिए गया था। वह अपने ड्यूटी पर गए थे। रविवार की रात वहीं रुक गए। सोमवार को घर आए तो पता चला कि उनके मकान का ताला टूटा है। यह देखकर वह दंग रह गए। घर के अंदर घुसकर देखा तो आलमारी में रखी लाइसेंसी रिवाल्वर व नगदी गायब थी। बाक्स का ताला टूटा था। उसमें रखे लाखों रुपये के जेवरात गायब थे। पीड़ित सहायक विकास अधिकारी ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।