जेठवारा थाना क्षेत्र के डांड़ी नया का पुरवा गांव में बुधवार की देर रात डीजे बंद करने को लेकर ग्रामीणों और बारातियों के बीच जमकर ईंट पत्थर चले। इस दौरान लगभग छह बाराती घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायलों को सीएचसी लाया गया।
डांड़ी नया का पुरवा गांव निवासी मोतीलाल वर्मा की बेटी की बारात बुधवार को आई थी। बारात गांव से होते कल्लू खां के दरवाजे पहुंची तब उसने डीजे बंद करने के लिए कहा। इस पर बारातियों ने आपत्ति जताई। इस बीच किसी ने दूल्हे के भाई संजीत वर्मा को ईंट फेंककर मार दिया। विवाद बढ़ने पर कल्लू अपने साथियों के साथ बारातियों पर हमलावार हो गया। घंटो चले ईंट पत्थर के दौरान छह बाराती घायल हो गए। सूचना पर जेठवारा, लालगंज पुलिस के साथ सीओ सदर मौके पर पहुंचे। बारातियों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कल्लू खां को हिरासत में ले लिया। पुलिस घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आई।