घरवालों को कमरे में बंद कर चोरों ने दो घरों से 13 लाख के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। रविवार की सुबह लोगों को घटना की जानकारी हो सकी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद लौट गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के थाहीपुर निवासी जगदीश नारायण पांडेय के घर में शनिवार की रात चोर घुस गए। इसके बाद भीतर सो रहे परिवारीजनों को कमरे में बंद कर दिया। फिर दूसरे कमरे का ताला तोड़कर चोर भीतर घुसे और आलमारी व अटैची का लॉक तोड़कर मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी, हार, पायल समेत सात लाख के जेवरात व 20 हजार रुपये समेटकर चलते बने। रविवार की सुबह लोग सोकर उठे तो बाहर से दरवाजा बंद था। मोबाइल से पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया। घर के सामान-अस्त व्यस्त पड़े थे।
घर में चोरी देख लोग दंग रह गए। इसी थाना क्षेत्र के संडौरा नंदलाल का पुरवा निवासी राकेश तिवारी के घर में घुसे चोर कमरे का ताला तोड़कर करीब छह लाख के जेवरात (चेन, मंगलसूत्र, हार, अंगूठी, पायल, कर्धनी, माथाटीका, झुमका) और 10 हजार रुपये चुराकर भाग निकले। सुबह जानकारी होने पर परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद लौट गई। रानीगंज एसओ ने बताया कि घटना को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। उनका पता लगाया जा रहा है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के संडौरा निवासी राकेश तिवारी के घर में घुसने के लिए चोरों ने पेड़ का सहारा लिया। पेड़ के सहारे मकान की छत पर पहुंचे चोर नीचे उतरे और कमरे का ताला तोड़कर चोर जेवरात व नगदी उठा ले गए।