जिले में 27 फरवरी को मतदान करने के लिए पहुंचने वाले मतदाताओं के लिए मॉस्क अनिवार्य होगा। बिना मॉस्क के पहुंचने वाले मतदाताओं को बूथ के अंदर जाने नहीं दिया जाएगा। इस बार कोविड की वजह से स्कूलों के बंद होने से मतदाता जागरूकता अभियान पर जोर देने के बजाय मतदाताओं के घर वोटर गाइड भेजी जाएगी।
27 फरवरी को जिले के सातों विधानसभाओं में मतदान होगा। चुनाव आयोग ने कोरोना संक्रमण से कर्मचारियों और मतदाताओं को बचाने के लिए मॉस्क अनिवार्य कर दिया है। मतदान कार्मिकों के साथ ही बूथ के अंदर प्रवेश करने वाले प्रत्येक मतदाताओं के लिए मॉस्क अनिवार्य होगा। प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं के लिए भी मॉस्क अनिवार्य किया गया है।
कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल-कालेजों के बंद होने से इस बार मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के बजाय चुनाव आयोग ने प्रत्येक परिवार के मुखिया के नाम डाक से वोटर गाइड नाम की पॉकेट बुक भेजने का फैसला लिया है। इस पॉकेट बुक में हेल्पलाइन नंबर और मतदान करने का तरीका बताया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय में लाखों की संख्या में पॉकेट बुक आ गई है। एडीएम सुनील शुक्ला ने बताया कि नए वोटर कार्ड के साथ ही प्रत्येक परिवार के लिए एक-एक पॉकेट बुक भेजी जा रही है।