पूरनपुर में लोहा व्यापारी के प्रतिष्ठान पर अभिलेख चेक करती एसआईबी।
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर (पीलीभीत)। वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी (विशेष अनुसंधान शाखा) ने बृहस्पतिवार को लोहा व्यापारी की फर्म अजय कुमार पीयूष कुमार (मुन्ना लोहे वाले) प्रतिष्ठान पर छापा मारा। टीम ने वहां कई घंटे मौजूद रहकर रिकार्ड खंगाला और स्टॉक चेक किया। छापे का पता लगने पर कार्रवाई के डर से तमाम कारोबारी अपने प्रतिष्ठान बंद करके चले गए।
एसआईबी की टीम बृहस्पतिवार दोपहर पौने दो बजे पूरनपुर जाकर लोहा व्यापारी की दुकान पर छापा मारा। टीम ने शुरू में खरीद-विक्री अभिलेख खंगाले हैं। टीम में वाणिज्यकर विभाग की एडिशनल कमिश्नर वंदना सिंह और ज्वाइंट कमिश्नर मधुरिमा भी रहीं। टीम जिस समय लोहा कारोबारी की दुकान पर पहुंची उस वक्त सामान की बिक्री हो रही थी। टीक को देखकर कारोबारी सन्न रह गए। हालांकि टीम के जरूरी जानकारी मांगने पर व्यापारी और उनके कर्मचारियों ने सहयोग दिया। शाम सात बजे जब एडिशनल कमिश्नर वंदना सिंह से छापे के बारे में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि अभी छानबीन चल रही है। जब तक कार्रवाई पूरी न हो जाए तब तक कोई जानकारी नहीं दे सकती हैं।
छापामार कार्रवाई व्यापारियों और व्यापारी संगठनों की दिन भर निगाह रही। कई कारोबारियों ने कार्रवाई के अंदेशे में अपनी दुकानें बंद कर दीं। हालांकि व्यापारी संगठन की ओर से मौके पर आकर कोई जानकारी नहीं ली गई। इसलिए टीम अपने हिसाब से कई घंटे तक कार्रवाई करती रही। टीम के साथ विभागीय सुरक्षाकर्मी भी थे।