पीलीभीत। टोक्यो ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन कर लौट रहे खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए लखनऊ में प्रदेश के सभी जनपदों से 19 अगस्त को खिलाड़ी स्वागत करने के लिए पहुंचेंगे। इसके लिए शासन ने प्रदेश के सभी डीएम को पत्र भेजा है। इसमें 75 खिलाड़ी गांधी स्टेडियम और 50 खिलाड़ी युवा मंगल दल के प्रतिभाग करेंगे। जनपद में इसकी जिम्मेदारी जिला क्रीड़ा अधिकारी को दी गई। तीन बसों से 18 अगस्त की शाम को खिलाड़ियों को रवाना किया जाएगा।
लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 19 अगस्त को टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग कर लौट रहे खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह का आयोजन होगा। उनका स्वागत और कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए सभी जनपदों से खिलाड़ियों को बुलाया गया है। अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने प्रदेश के सभी जनपदों से खिलाड़ियों को बुलाने के लिए पत्र जारी किया है। इसमें पीलीभीत में गांधी स्टेडियम की ओर से 50 पुरुष खिलाड़ी और 25 महिला खिलाड़ी, युवक/महिला मंगल दल की ओर से 25 पुरुष और 25 महिला खिलाड़ियों को भेजना प्रस्तावित किया गया है। इस दौरान टोक्यो ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन करके लौट रहे खिलाड़ियों से प्रदेश के जनपदों से पहुंचने वाले खिलाड़ी रूबरू होकर सीख भी लेंगे। शासन का निर्देश आने के बाद डीएम पुलकित खरे ने संबंधित अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का चयन करने के बाद मोबाइल नंबर सहित सूची 15 अगस्त तक मांगी गई है। पत्र मिलने के बाद अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसके लिए सभी 18 अगस्त की शाम को तीन बसों द्वारा गांधी स्टेडियम से रवाना किया जाएगा। इससे 19 को दोपहर 12 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर प्रतिभागी पहुंच सके।