पीलीभीत। कोरोना की रफ्तार कम होने के बाद शासन ने 16 अगस्त से स्कूल खोलने का फैसला लिया। इसमें सिर्फ कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल खोले जाएंगे। आदेश मिलने के बाद स्कूल की तरफ से अभिभावकों को कोविड नियमों के बारे में बताते हुए बच्चों को भेजने का मेसेज मोबाइल फोन पर भेजे जा रहे हैं।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बाद पहली बार माध्यमिक विद्यालय स्कूल खोले जा रहे हैं, ऐसे में सरकारी दिशा-निर्देश के अनुसार तैयारियां की गई हैं। अभिभावकों को फोन पर संदेश भेजे गए हैं, जिसमें बच्चों के स्कूल आने के समय और उनको कोरोना से बचाव के उपाय के बारे में भी बताया जा रहा है। डीआईओएस ओमप्रकाश ने बताया कि 16 अगस्त से कक्षा नौ से 12 तक के विद्यालय कोविड नियमों का पालन करते हुए खोले जाएंगे, स्कूलों में निरीक्षण कर व्यवस्थाएं भी परखी जाएंगी। सभी विद्यालयों में सैनिटाइज करने के साथ साफ सफाई कराई गई है। बताया कि स्कूल में क्षमता के सिर्फ 50 फीसदी बच्चों को ही बुलाया जाएगा। इसके अलावा सप्ताह में सिर्फ पांच दिन ही बच्चे स्कूल आएंगे।
इसी के साथ ऑनलाइन सेवा भी जारी रहेगी। साथ ही बिना मास्क के किसी को भी स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कक्षाओं के बाहर सैनिटाइजर और साबुन पानी की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
स्कूलों में ये की जा रही है व्यवस्था
- प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन
- 50 फीसदी की क्षमता से विद्यार्थी बुलाए गए।
- सीटिंग प्लान में एक मीटर दूरी पर बैठेंगे बच्चे।
- झुंड में पढ़ाई, खेलकूद गतिविधियों पर रहेगी पाबंदी