शारदा नदी पर पांटून पुल बन कर तैयार हो गया है। शुक्रवार को हल्के चौपहिया वाहनों का आवागमन शुरू करवा दिया गया। रविवार से भारी वाहनों का भी आवागमन शुरू हो जाएगा। ट्रांस शारदा क्षेत्र के लोगों को आवागमन करने में सुविधा होगी।
तहसील क्षेत्र के ट्रांस शारदा क्षेत्र में आवागमन को शारदा नदी पर अक्तूबर माह में बनने वाला पांटून पुल अब बन पाया है। पुल न बनने से ट्रांस शारदा क्षेत्र में आवागमन को लोगों को 30 की जगह खुटार, मैलानी, पलिया, संपूर्णानगर होते हुए 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही थी। पिछले दिनों जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव मेें पांटून पुल तैयार न होने से पोलिंग पार्टियों को भी 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही थी। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए पांटून पुल से शीघ्र आवागमन शुरू कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अफसरों को दिए थे। इस पर पुल बनाने का काम तेजी से शुरू हुआ था, लेकिन 28 नवंबर को शारदा नदी का अचानक जलस्तर बढ़ने से बनाए जा रहे पुल की एप्रोच नदी में बह गई थी।
अवर अभियंता आरएन सिंह ने बताया कि पुल बृहस्पतिवार को तैयार करा दिया गया था। दुपहिया वाहनों का आवागमन भी शुरू हो गया है। शुक्रवार को नदी रास्ते पर पड़ने वाली चकर प्लेटें डलवाई गई। अब पुल से कार, जीप आदि चौपहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। रविवार से पुल से भारी वाहनों का आवागमन भी शुरू करा दिया जाएगा। इससे ट्रांस शारदा को चलने वाली बसों का संचालन शुरू होने से लोगों को भारी राहत होगी।