बाँसुरी चौराहे पर कोरोना जांच के लिए सैम्पल लेते स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। कोरोना की तीसरी लहर का प्रकोप बढ़ते ही जनपद में भी संक्रमित की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोरोना योद्धा भी संक्रमित हो रहे हैं। सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले 11 स्वास्थ्य कर्मी और सीएमओ के स्टेनो समेत उनके दफ्तर के पांच कर्मी अब तक संक्रमित हो चुके हैं। इस तरह से संख्या 16 पहुंची है। इसमें शहर के दो निजी चिकित्सक हैं। दोनों डाक्टर मरीज देखते-देखते संक्रमित हुए हैं। इनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। कोरोना संक्रमित 14 स्वास्थ्यकर्मी हैं। सात निजी अस्पतालों के हैं। सात सरकारी स्वास्थ्यकर्मी हैं। सभी ने होम आइसोलेट कर खुद को सुरक्षित किया है। स्वास्थ्य कर्मियों के कोरोना की चपेट में आने से सेवाएं प्रभावित हो रहीं हैं।
एक जनवरी के बाद जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा। इसमें हर आयु वर्ग के संक्रमित शामिल है। हालांकि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से रोकथाम के प्रयास जारी है। वैक्सीनेशन पर भी जोर दिया जा रहा है, लेकिन संक्रमित की संख्या लगातार बढ़ने के साथ 17 जनवरी तक संख्या 239 पहुंच गई थी। सरकारी और गैरसरकारी अस्पतालों में अपनी सेवाएं देने वाले भी संक्रमित हो रहे हैं। प्रमुख चार निजी अस्पतालों के अलावा पूरनपुर और बरखेड़ा क्षेत्र स्थित अस्पतालों के कर्मी भी संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्य कर्मियों के संक्रमित होने से चिंताएं और बढ़ रही हैं। वजह यह है कि अस्पतालों में मरीजों की संख्या अधिक रहती है। परामर्श के लिए मरीज चिकित्सकों समेत स्वास्थ्य कर्मियों के नजदीक तक पहुंचते हैं। ऐसे में अगर कोई संक्रमित इलाज कराने पहुंचता है तो उसके संपर्क में आने से संक्रमित होने की काफी आशंका रहती है। सीएमओ डॉ आलोक कुमार ने बताया कि उनके स्टेनों समेत पांच कर्मी सोमवार को संक्रमित निकले हैं। कोरोना से बचाव के तरीके सभी को पता हैं। भीड़ भाड़ से बचने के साथ मास्क का प्रयोग करने करें। अगर किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या हो रही है तो जांच कराकर तत्काल खुद को सुरक्षित करें।