पीलीभीत। शीत लहर चलने से पिछले कई दिनों से सर्दी कहर बरपा रही है। सोमवार को दोपहर में धूप निकली, मगर गलन भरी सर्दी के कारण बेअसर साबित हुई। बाजार में ऊनी कपड़ों और हीटर की भी बिक्री काफी बढ़ी है। सोमवार को न्यूनतम 07 और अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है। आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
मौसम में लगातार गिरावट से सर्दी ने जोर पकड़ लिया। पिछले कई दिनों से शीत लहर चल रही है। सुबह कोहरे की चादर और दिन में छाए बादल के कारण ठंड के प्रकोप से लोग ठिठुरते दिखाई दिए। सोमवार को दोपहर बाद धूप निकली, तो मौसम जरुर साफ हो गया, मगर गलन भरी ठंड के आगे बेअसर साबित हुई। लोग आग के सहारे बैठे नजर आए, वहीं ठंड के प्रकोप के चलते बाजार में भीड़ कम दिखाई दी। अंधेरा होते ही ठंड फिर चरम पर पहुंच गई।
000
अभी मौसम का और बिगड़ सकता है मिजाज
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि मौसम अभी तीन चार दिनों तक ऐसा ही रहेगा। आने वालों दिनों में बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि माह के अंत में मौसम साफ होने की उम्मीद है। अभी किसी भी फसल को नुकसान नहीं है।
000
बाजार में ऊनी कपड़ों की बड़ी बिक्री कड़ाके की सर्दी में ऊनी कपड़ों का बाजार भी गर्म हो गया है। लोग ठंड से बचने के लिए कपड़ों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। ऊनी कपड़ों की दुकान पर खासी भीड़ दिखाई दी। सबसे ज्यादा बच्चों के कपड़ों की दुकान पर डिमांड रही। हर कोई अपने मनपसंद कपड़ों की खरीद करता दिखाई दिया। दुकानदारों के अनुसार जनवरी में सर्दी का प्रकोप बढ़ने के बाद बिक्री में तेजी आई है।
000
डाक्टर की राय
1
सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। ऊनी कपड़ों का इस्तेमाल जरूर करें। ठंडी चीजों का इस्तेमाल न करें। कोविड का प्रकोप चल रहा है। बुखार महसूस होने पर डॉक्टर की सलाह से इलाज शुरू कराएं। मास्क और सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। बार-बार हाथ धोएं। कोविड और वायरल फीवर के एक जैसे लक्षण होते हैं।
- डॉ. रमाकांत सागर, फिजीशियन, जिला अस्पताल
ठंड में गर्मी तलाशने को लोग खरीद रहे हीटर
बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर इन दिनों हीटर और ब्लोअर की जमकर बिक्री हो रही है। लोग ठंड से बचने के लिए खूब हीटर खरीद रहे है। इन दिनों बाजार में आठ सौ रुपये से लेकर ढाई हजार तक के हीटर लोगों की पहली पसंद बन रहे है। दुकानदारों के अनुसार ठंड का प्रकोप बढ़ते ही हीटरों की बिक्री शुरू होती है। इस लिए पहले से ही स्टॉक में हीटर रख लिए जाते हैं।
पिछले दिनों से अचानक बढ़ी सर्दी की वजह से हीटर और ब्लोअर की मांग बढ़ी है। लोगों ने उम्मीद नहीं की थी कि इतनी ठंड बढ़ जाएगी। - नाजिम, इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी
ग्रामीण क्षेत्र से अधिकतर इस समय ग्राहक आ रहे है। ठंड बढ़ने की वजह से लोग खरीददारी के लिए आ रहे हैं। कुछ कसबों में जैकेट का काम होने से शहर के व्यापार पर प्रभाव पड़ा है। - दीप अग्रवाल, कपड़ा व्यापारी
क्या बरतें सावधानी
- बासी खाना खाने से परहेज करें
- कोल्ड ड्रिंक पीने से परहेज करें
- आइसक्रीम से परहेज करें
- पानी उबालकर ठंडा करके पीए
- गर्म कपड़े पहने