कलीनगर। पूरनपुर विधानसभा सीट पर बाबूराम पासवान की जीत के साथ प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। इससे समर्थकों में खुशी के साथ ही क्षेत्र के रुके विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। बातचीत में लोगों ने कहा कि माधोटांडा विकास खंड का संचालन फिर से शुरू होने और गोमदी उद्गम स्थल के विकास की उम्मीद है।
दिसंबर 2016 में सपा सरकार ने अंतिम कार्यकाल में पूरनपुर को विभाजित कर माधोटांडा को नया विकास खंड दिया था। अधिसूचना जारी होने के बाद करीब दो वर्ष तक विकास खंड का कार्य भी जारी रहा, लेकिन बाद में भाजपा सरकार ने विकास खंड की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। इसको लेकर क्षेत्रीय जनता में मायूसी छा गई थी। क्षेत्र के जागरूक और भाजपा समर्थकों ने मांग को गंभीरता से उठाया। इसके लिए दौड़ भाग की गई। विधायक की रुचि के बाद शासन स्तर से विकास खंड की फाइल को प्रशासन से मांग गया था। प्रशासन ने भी विकास खंड को सही मानकर रिपोर्ट शासन को भेज दी थी। विधायक बाबूराम पासवान के साथ माधोटांडा निवासी निर्भय सिंह, डॉ. विवेक सिंह व योगेश्वर सिंह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले थे। विकास खंड का संचालन शुरू कराने के साथ गोमती उद्गम स्थल की अविरल धारा समेत विकास कार्यों को गति देने की मांग रखी थी।
मुख्यमंत्री ने पुन: सरकार बनने पर इन मांगों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया था। इधर प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने के साथ पूरनपुर में विधायक बाबूराम पासवान को दूसरी बार सफलता मिली। इसके साथ ही भाजपा समर्थकों में क्षेत्र के विकास के लिए गति मिलने का भरोसा जागा है। विकास खंड की सेवाएं बहाल कराने के साथ गोमती उद्गम स्थल के विकास को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
चुनावी जनसभा में भी गूंजती रही गोमती की गूंज
चुनाव के दौरान भाजपा के स्टार प्रचारकों की सभाओं में भी गोमती नदी की गूंज गूंजती रही थी। पूरनपुर में जन सभा को संबोधित करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद भी गोमती उदगम स्थल की बात को शामिल किया था। उन्होंने कहा था कि जिस तरह उद्गम से लखनऊ तक गोमती की शोभा बढ़ रही है। वैसे ही उम्मीदवार को यहां से जिताकर लखनऊ भेजे तो विकास की गति और बढ़ेगी।
भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। पूरनपुर विधायक भी जीत हैं। पार्टी समर्थक होने के चलते काफी खुशी मिली। अब माधोटांडा विकास खंड और गोमती उदगम स्थल के विकास के लिए विधायक के साथ प्रयास कर सफलता तक पहुंचना प्राथमिकता में शामिल है। जिससे क्षेत्र का विकास और बेहतर हो सके।
निर्भय सिंह, माधोटांडा
भाजपा सरकार को दोबार प्रदेश की जनता ने सरकार बनाने का मौका दिया है। पूरनपुर सीट पर भी भाजपा का परचम लहराया है। विकासखंड के लिए पहले भी प्रयास किए थे। अब पुन: विधायक के अमली जामा पहनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
डॉ. विवेक सिंह, चिकित्सक
विकासखंड की सेवाएं बहाल होने से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। इसके लिए पूर्व में विधायक के साथ लखनऊ जाकर क्षेत्र की मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था। मुख्यमंत्री ने भी पुन: सरकार बनने पर मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। क्षेत्रीय विकास के लिए इन मांगों का पूरा होना जरूरी है।
- योगेश्वर सिंह, किसान
विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए पहले भी काम करते रहे हैं। अब पुन: जनता के विश्वास पर खरा उतरने का काम करेंगे। विकास खंड के मामले को पूर्व में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया था। अब फिर इस मामले को प्राथमिकता के साथ कराने का प्रयास रहेगा। - बाबूराम पासवान, विधायक, पूरनपुर