बीसलपुर के गांव मीरपुर में हो रही बुखार पीड़ितो की जांच।
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। बुखार ग्रस्त लोगों के गांव मीरपुर वाहनपुर में शुक्रवार को पंचायत विभाग की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। गांव में बुखार पीड़ितों की जांच हुई।
तहसील क्षेत्र के गांव मीरपुर वाहनपुर में एक माह से बुखार फैला हुआ है। अब तक 100 से अधिक लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं और पांच लोगों की मौत भी हो चुकी है। बुखार पीड़ित गांव के अलावा बीसलपुर, बरेली और दिल्ली में उपचार करा रहे हैं। अभी तक इस गांव में गंदगी दूर करने के लिए विशेष सफाई अभियान नहीं चलाया गया था, जिससे संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी हुई थी। ग्रामीण संबंधित अधिकारियों से काफी समय से गांव में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग कर रहे थे। अभी तक केवल गांव का ही एक सफाई कर्मचारी सफाई कर रहा था। बीडीओ सुनील वर्मा के निर्देश पर पंचायत विभाग के सहायक विकास अधिकारी एमएस राना ने शुक्रवार को इस गांव में आसपास के गांवों के नौ सफाई कर्मचारियों को भेजकर विशेष सफाई अभियान चलवाया। सफाई कर्मचारियों ने सड़कों, गलियों, नालों और नालियों की सफाई की। उन्होंने गांव में जगह जगह लगे कूड़े के ढेरों को उठाकर गांव के बाहर फेंक दिया। इस विशेष सफाई अभियान से ग्रामीणों ने काफी राहत महसूस की। इधर सीएचसी बीसलपुर की टीम ने शुक्रवार को भी गांव में घूमकर 25 से अधिक बुखार पीड़ितों की जांच की। टीम प्रभारी अरविंद भारती ने वंचित ग्रामीणों को सुझाव दिया कि वे लोग सीएचसी आकर जांच करवा सकते हैं।
विशेष सफाई अभियान साबित हुआ हवाई
पंचायत विभाग की ओर से चलाया गया विशेष सफाई अभियान केवल हवाई अभियान रहा। बाहर से आए सफाई कर्मचारियों ने सफाई करने के नाम पर केवल खानापूरी की और मेरे द्वारा बताए गए स्थानों पर सफाई भी नहीं की। गांव के स्थाई सफाई कर्मचारी ने ही कायदे से सफाई की। वह इस बात की शिकायत शनिवार को संबंधित अधिकारियों से करेंगे। - मोहम्मद मियां, प्रधान मीरपुर वाहनपुर
बुखार पीड़ितों के उपचार में नही बरती जा रही कोताही
शुक्रवार को मीरपुर वाहनपुर में टीम भेजकर 25 से अधिक बुखार पीड़ितों की जांच कराई गई, जिसमें साधारण बुखार पाया गया। उन लोगों को दवाई दे दी गई। वंचित बुखार पीड़ितों को किसी भी कार्य दिवस में सीएचसी आकर जांच करवाने को कह दिया गया है। बुखार पीड़ितों की जांच और उपचार करने में कोई कोताही नही ंबरती जा रही है। - डॉ. ठाकुरदास, अधीक्षक सीएचसी बीसलपुर