बीसलपुर। गांव चुर्रासकतपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक की लापरवाही से मंगलवार को मिडडे मील नहीं बना। खंड शिक्षाधिकारी ने प्रधानाध्यापक से जवाब तलब किया है।
खंड शिक्षाधिकारी नीरज शुक्ला के संज्ञान में आया कि मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय चुर्रासकतपुर की प्रभारी प्रधानाध्यापक माया देवी मंगलवार को सुबह विद्यालय कुछ देर के लिए आई और उपस्थिति पंजिका में उपस्थित लगाने के बाद चली गईं। उन्होंने विद्यालय स्टाफ को मिडडे मील कक्ष की चाबियां नहीं दी, जिससे विद्यालय में मिडडे मील नहीं बन पाया और बच्चों को भूखा रहना पड़ा। मामला जानकारी में आने पर कुछ अभिभावक भी शिकायत करने विद्यालय पहुंचे लेकिन प्रधानाध्यापक मौजूद नहीं थी, तभी वे अभिभावक लौट गए। खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि प्रधानाध्यापक से जवाब तलब किया गया है। जवाब मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।