पोस्टमार्टम हाउस पर हुई मारपीट। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र के कसबा निवासी 65 वर्षीय ढाकन लाल की बीसलपुर के गांव जसोली दिवाली में रविवार रात मौत हो गई। उनकी बहन ने परिवार के ही एक सदस्य पर जमीन के लिए पिटाई करने का आरोप लगाया। आरोप यह भी है कि पिटाई के बाद मौत हुई है।
गांव नकटिया निवासी सुंदरो देवी ने बताया कि एक सप्ताह पहले उनके मायके गजरौला में बड़े भाई ढाकन लाल की परिवार के एक सदस्य ने पिटाई की थी। परिवार के सदस्य की नजर उनके भाई की जमीन पर है। बचाने गईं, तो उनको भी पीटा गया। इससे भाई को काफी चोटें आईं। इलाज कराने के लिए उसी समय बीसलपुर के गांव जसोली दिवाली निवासी छोटी बहन प्रेमा देवी अपने साथ ले गई। वहां रविवार को इलाज के दौरान ढाकन लाल की मौत हो गई। सुंदरो देवी ने आरोप लगाया कि ढाकन लाल की मौत पिटाई से हुई है। मौत की सूचना मिलने पर पुुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
आरोप प्रत्यारोप, भिड़ गए परिजन
पोस्टमार्टम हाउस पर ढाकन लाल के परिवार वाले, बड़ी बहन सुंदरो देवी भी मौजूद थीं। परिवार के उस सदस्य ने जब उनकी छोटी बहन प्रेमा देवी पर आरोप लगाना शुरू किया, तो सुंदरो देवी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। चप्पल निकालकर यह कहती हुए पिटाई शुरू कर दी कि इसी की पिटाई से भाई की मौत हुई है। यह जमीन हड़पना चाहता है। हालांकि मौजूद लोगों ने समझा बुझाकर मामला शांत कर दिया।
परिवार वालों ने अभी तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - प्रशांत सिंह, सीओ बीसलपुर
----------