जिस किशोरी
के फरार होने को लेकर गांव सिमरिया गौसू के एक दलित के घर में तोड़फोड़ और
मारपीट की गई। पुलिस ने उसी गांव के विजयपाल के साथ मझोला बस अड्डे से
बरामद किया है। पुलिस को युवती ने अपना हाईस्कूल का प्रमाण-पत्र दिखाया
जिसके अनुसार वह किशोरी नहीं बालिग है। वहीं पुलिस ने प्रेमी का चालान कर
युवती को मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल भेजा है।
थाना क्षेत्र की एक
युवती 10 मार्च को अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। युवती के परिवार
वालों को पता चला कि उनकी बेटी को गांव का विजयपाल बहला फुसलाकर भगा ले गया
है। इस पर लड़की के घरवाले शुक्रवार को कई लोगों के साथ विजयपाल के चाचा
सोहनलाल के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने लड़की के
घरवालों समेत 22 नामजद और 40-50 अज्ञात के खिलाफ बलवा आदि की रिपोर्ट दर्ज
की थी।
उसी दिन लड़की के पिता की ओर से विजयपाल समेत चार पर किशोरी का
अपहरण करने का मामला भी दर्ज कर लिया था। एसओ शमशाद अहमद ने बताया कि पुलिस
ने प्रेमी युगल को मझोला बस अड्डे बरामद कर लिया है। लड़की ने पुलिस को
हाईस्कूल का प्रमाण-पत्र देकर अपने को बालिग बताया। एसओ के मुताबिक युवती
की उम्र 20 साल आठ महीने पाई गई है। आरोपी प्रेमी का चालान कर युवती को
मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
अभी भी गांव में तनाव का है माहौल
आरोपी
युवक के पकड़े जाने और किशोरी के बरामद हो जाने के बाद भी गांव में
व्याप्त तनाव बना हुआ है। गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। वहीं दलित
पीड़ित परिवार की महिलाएं तीन दिन बाद भी अपने घर नहीं लौट सकी हैं।