बेटे के खिलाफ शिकायत लेकर पीड़िता पहुंची कोतवाली
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल का कराया मेडिकल
नशा करने के लिए रुपये देने से इंकार करने पर एक बेटे ने अपनी सगी मां को लाठी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोगों के पहुंचने पर महिला किसी तरह बच सकी। इसके बाद लहूलुहान हालत में कोतवाली पहुंचकर पुलिस को दुखड़ा सुनाया। पुलिस ने पीड़िता की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसको मेडिकल के लिए भेजा है।
मोहल्ला सरफराज खां निवासी किरन पत्नी जयप्रकाश ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं। बेटा वीरू कोई काम नहीं करता है। आए दिन नशा करने के लिए रुपये मांगता है। मंगलवार सुबह उसने नशा करने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इंकार करने पर पहले गाली-गलौज कर सामान तोड़ने लगा। इसके बाद लाठी से पीड़िता की पिटाई कर दी। इससे उसके हाथ में काफी चोटें आई। शोर सुनकर पीड़िता के पति और पुत्रवधु आ गए, जिन्होंने बमुश्किल बचाया। यह भी बताया कि वह उसके साथ पहले भी कई बार मारपीट कर चुका है। इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन घटना के बाद आरोपी के भाग निकलने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली पुलिस ने बताया कि मौखिक सूचना के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायल महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए टीम भेजी गई है।
दामाद ने सास को पीटा
पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पकड़िया निवासी चंद्रवती पत्नी राज बहादुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका अपने दामाद शाहजहांपुर जिले के तिलहर क्षेत्र के ग्राम सितारगंज निवासी अरविंद से विवाद है। आरोप है कि सोमवार को अरविंद ने घर आकर पहले पीड़िता से गाली गलौज की। गाली देने से इंकार करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।