एक बाल श्रमिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना से घर में कोहराम मच गया।
गांव बबूरा निवासी गिरीश कुमार का 15 वर्षीय पुत्र रजत गांव के ही अन्य लड़कों के साथ नगर के बमरोली मार्ग स्थित एक राइस मिल गुप्ता एंड संस पर पिछले दो माह से दिहाड़ी पर मजदूरी कर रहा था। रविवार की शाम करीब पांच बजे धान सुखाने के लिए मिल में लगे ड्रायर पर चढ़कर काम करने के दौरान पैर फिसलने से वह गिर कर घायल हो गया था। सिर में और पसलियों में गंभीर चोट आने पर मिलर ने पहले तो नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया, लेकिन हालत नाजुक होने उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां गुरुवार सायं उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। रजत की मां ने बताया कि उसके पुत्र की उम्र 15 साल थी। पति के अस्वस्थ रहने के कारण उसने मजबूरन पुत्र को मजदूरी पर भेजा था। परिवार वालों ने बताया कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
राइस मिलर राजेंद्र बाबू गुप्ता ने बताया ठेकेदार द्वारा उपलब्ध कराई गई लेवर के साथ रजत दो माह से मिल पर काम रहा था। ठेकेदार ने एज प्रूफ के जो डाक्यूमेंट्स उपलब्ध कराए थे उनमें उसकी उम्र करीब 20 वर्ष है। वह ड्यूटी के दौरान चूक होने की वजह से ड्रायर से नीचे गिर गया था। तत्काल उसे चिकित्सा भी उपलब्ध कराई गई। बरेली के एक अस्पताल में ले जाकर भर्ती भी कराया, लेकिन फिर भी वह बच नहीं सका।