पीलीभीत। एसपी कलानिधि नैथानी ने जुलाई के रिपोर्ट कार्ड के आधार पर आठ निरीक्षक समेत 22 पुलिसकर्मियों के तबादले किए। जनसुनवाई में सुस्त होने पर विभागीय दंड पा चुके शहर कोतवाल देशपाल सिंह समेत कई थानाध्यक्षों को पद से हटाया गया है। इसके अलावा अन्य की बदली गई है। लंबे समय से जमे चौकी प्रभारियों के भी कार्य क्षेत्र में बदलाव किया है। एसएचओ जहानाबाद रविंद्र सिंह वर्मा को सुधार का अंतिम मौका दया गया है।
पहली बार रिपोर्ट कार्ड के आधार पर किए गए तबादलों में इंस्पेक्टर इंद्र सिंह को शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी पद से हटाकर माधोटांडा थानाध्यक्ष बनाया है। मनोज कुमार त्यागी को बीसलपुर कोतवाल पद पर तैनाती दी है। पिछले काफी समय से अभद्र व्यवहार को लेकर सुर्खियों में चल रहे सदर कोतवाल देशपाल सिंह को डीसीआरबी भेज दिया है। इनके स्थान पर एसके सिंह को सदर कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। हजारा एसएचओ संत प्रसाद उपाध्याय को शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी बनाया है। इनके स्थान पर शैलेंद्र पाल सिंह को हजारा थानाध्यक्ष बनाया है। गोपीचंद यादव को दियोरिया और मोहम्मद कासिम को सुनगढ़ी थानाध्यक्ष पद पर जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा दरोगाओं के भी कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। एसआई वीके पटेल को एसएसआई बरखेड़ा, चंद्र प्रकाश शुक्ला को बिलसंडा एसओ, रूम सिंह वघेल को सेहरामऊ एसओ, सिद्धराज सिंह को चौकी प्रभारी चंदिया हजारा, पृथ्वीराज चौहान को रमनगरा चौकी, कुंवरपाल सिंह को चौकी प्रभारी मंडी बीसलपुर, विजेंद्र कुमार को घुंघचिहाई, शैनेेंद्र सिंह को सुहास, देवेंद्र कुमार को कंबोझनगर, सुभाष चंद्र को शाहगढ़, इंद्रजीत भदौरिया को क्राइम ब्रांच, रामवीर सिंह को सुल्तानपुर चौकी प्रभारी, मनीराम को बलरामपुर चौकी, योगेंद्र पाल सिंह को लाइन हाजिर किया है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से एसआई योगेंद्र पाल सिंह की एक फोटो इंटरनेट पर वायरल हो गई थी। जिसमें एक फरियादी उनके कदमों पर लेटकर इंसाफ की गुहार लगा रहा है और वह मोबाइल पर बात कर रहे है। इसको लेकर खाकी की काफी फजीहत हुई। उनके लाइन हाजिर किए जाने के पीछे इसी को अहम कारण माना जा रहा है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि तबादले जुलाई माह के रिपोर्ट कार्ड के आधार पर किए गए हैं। इसमें वांछित-वारंटियों की गिरफ्तारी, विवेचना निस्तारण, जुआ-शराब-गुंडा एक्ट, गैंगस्टर आदि कार्रवाई, एमवी एक्ट चालान, जनसुनवाई की गति आदि का आंकलन किया गया है।
---------
15 पर मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई
पीलीभीत। एसपी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर क्षेत्र में गुंडई और मारपीट कर दहशत फैलाने वाले पंद्रह दबंगों पर कानूनी शिकंजा कसा गया है। उनके खिलाफ मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। इसमें बरखेड़ा से 10, सेहरामऊ उत्तरी के पांच है। इसे अलावा अभियान चलाकर गजरौला से तीन, बरखेड़ा से दो और बिलसंडा से एक हिस्ट्रीशीटर कुल की चेकिंग की गई।