पूरनपुर। खांडेपुर में पांच दिन पहले काटे गए पेड़ सरकारी जमीन पर खड़े थे। पेड़ों को नगर निवासी वसीम वेग ने शेरपुर के पांच ठेकेदारों से पेड़ कटवाकर ठेकेदारों के साथ मिलकर लकड़ी गायब की। कोतवाली पुलिस ने वनरक्षक की तहरीर पर पेड़ कटवाने के मुख्य आरोपी वसीम वेग और पांच लकड़ी ठेकेदार समेत कुल छह लोगों के खिलाफ चोरी और भारतीय वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव खांडेपुर के समीप निकले एक नाला के दोनों किनारों और नाले में अर्जुन, जामुन 40 पेड़ों का सोमवार की रात सफाया कर लकड़ी को गायब कर दिया गया था। सूचना पर मंगलवार को वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में काटे गए पेड़ों की जड़ों की नपाई की गई। पेड़ किसने काटे और जमीन पर स्वामित्व किसका है। इसकी जानकारी वन एवं वन्य जीव प्रभाग के रेंजर ने पत्राचार शुरू किया था। रेंजर मोहममद अयूब हसन ने बताया कि जिस जमीन से पेड़ काटे गए। वह जमीन सरकारी निकली। रेंजर ने बताया कि जांच में मोहल्ला गनेशगंज निवासी वसीम वेग की ओर से शेरपुरकलां के पांच लकड़ी ठेकेदारों के साथ मिलकर पेड़ कटवाने और लकड़ी को चोरी कर गायब करना पाया गया। कोतवाली पुलिस ने वनरक्षक हर्षित मिश्रा की ओर से मोहल्ला गनेशगंज निवासी वसीम वेग, शेरपुरकलां निवासी अथर खां, रिजवान, मुजुल्ला खां के पुत्र इमरान, नकी खां के पुत्र इमरान, आफाक खां पर चोरी और भारतीय वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।