बीसलपुर। पिछले माह एक गांव से बहला फुसलाकर ले जाई गई युवती हरिद्वार में कोतवाली पुलिस को मिल गई। पुलिस बुधवार को युवती को कोतवाली ले आई है। युवती ने सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराने से मना कर दिया है। पुलिस बृहस्पतिवार को युवती को कोर्ट में पेश करेगी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के एक ग्रामीण ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री को पिछले माह गांव का ही एक युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया था। ग्रामीण ने अगले दिन कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गायब युवती को मंगलवार को उत्तरांचल के हरिद्वार से खोज निकाला। पुलिस बुधवार को युवती को कोतवाली ले आई। युवती ने पुलिस को बताया कि उसे कोई बहला फुसलाकर नहीं ले गया था। वह स्वयं घूमने गई थी। पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण कराने के लिए सीएचसी ले गई, लेकिन युवती ने मेडिकल परीक्षण कराने से मना कर दिया, तभी पुलिस युवती को पुन: कोतवाली ले आई। मामले की विवेचना कर रहे पुलिस उपनिरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि युवती के बृहस्पतिवार को कोर्ट में बयान कराए जाएंगे। उसके बाद कोर्ट जैसा आदेश देगा, उसका पालन किया जाएगा।