पूरनपुर। बगैर परमिशन के गांव खांडेपुर के समीप एक नाला और नाले के दोनों किनारों पर लगे 60 से अधिक पेड़ काटकर लकड़ी को गायब कर दिया गया। सूचना पर पहुंची वन एवं वन्य प्रभाग की टीम ने जांच की। रेंजर से एसडीएम को पत्र भेजकर नाले के स्वामित्व की जानकारी की मांग की है।
गांव खांडेपुर के समीप निकले एक नाला के दोनों किनारों और नाले में जामुन, आम, शीशम आदि प्रजाति के कई पेड़ लगे थे। करीब 60 पेड़ों का रातों-रात सफाया कर लकड़ी को गायब कर दिया गया। सूचना पर मंगलवार को वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में काटे गए पेड़ों की जड़ों की नपाई की गई। पेड़ किसने काटे और जमीन पर स्वामित्व किसका है। इसकी जानकारी वन एवं वन्य जीव प्रभाग के अफसरों को नहीं लग सकी। रेंजर मोहम्मद अयूब हसन ने बताया कि जमीन के स्वामित्व को लेकर एसडीएम को पत्र लिखा गया है। इसके अलावा अन्य विभागों को भी पत्र भेजा जाएगा। ताकि जमीन के स्वामित्व की जानकारी कर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि पेड़ों को काटने वालों की भी जानकारी की जा रही है। अगर जमीन सरकारी है और उस पर खड़े पेड़ काटे जाते है। तब भी विभाग से मूल्यांकन के साथ परमिशन लेनी पड़ती है। पेड़ों का कोई न तो मूल्यांकन कराया गया और न ही पेड़ों को काटने की परमिशन ली गई है।