पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बरातबोझ में भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत से ग्रामीणों में दहशत है। चार नवंबर को अचानक दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। इसके बाद शनिवार को एक और बच्ची की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में जाकर जांच की है, लेकिन मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
गांव बरातबोझ में वीरपाल के चार वर्षीय पुत्र नरेश की चार नवंबर को दिन में तीन बजे अचानक मौत हो गई। परिवार वाले मौत की वजह नहीं बता पाए। बस यही कहा कि तबीयत अचानक बिगड़ी और मौत हुई। चार नवंबर को ही शाम करीब साढ़े तीन बजे कमलेश कुमार के पांच वर्षीय बेटे गोविंद की मौत हो गई थी। इससे ग्रामीण भयभीत होने लगे थे। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं खुली और न ही गांव जाकर जांच कराने की जहमत उठाई। लेकिन जब शनिवार को दोपहर में एक बजे अचानक वीरपाल की पुत्री पांच वर्षीय लक्ष्मी की मौत हो गई तो गांव में इससे दहशत का माहौल बन गया है। वीरपाल के दो बच्चों की मौत के बाद घर में मातम छाया हुआ है। वीरपाल के भाई जगपाल से जानकारी ली गई तो उसने बताया कि बच्चों को कोई भी बीमारी या तकलीफ नहीं थी। अचानक तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। अचानक क्या हुआ? परिवार वाले भी समझ नहीं पाए हैं।
शनिवार का जिस बच्चे की मौत हुई है। उसको दौरा पड़ा था। मुंह से झाग निकलने की बात परिवार वालों ने बताई है। चार नवंबर को जिन दो बच्चों की मौत हुई है। उसके कारणों की जांच कराई जा रही है। गांव में शनिवार को बुखार की जांच कराई गई। सिर्फ एक बच्चे में हल्का बुखार मिला है। इसके अलावा डेंगू, मलेेरिया की जांच कराई गई है। दवा का भी छिड़काव कराया गया है। अभी तक ऐसे कुछ नहीं मिला, जिससे बच्चों की मौत का करण पता चल सके। जांच के बाद वजह बताई जाएगी। - डॉ. अश्वनी गुप्ता, प्रभारी सीएमओ