लकड़ी भरी ट्रॉली से नगर पंचायत गुलरिया भंडारा कार्यालय के मुख्य द्वार पर बिजली का खंभा हुआ क्षति?
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। लकड़ी से लदी ओवरलोड ट्रॉली खंभे से टकराई तो बुधवार को रात बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। आपूर्ति बाधित होने से 200 परिवारों को परेशानी हुई। जिनके घर इनवर्टर नहीं थे, उन्हें गर्मी और मच्छरों के चलते जागकर रात गुजारानी पड़ी। दस घंटे बाद बृहस्पतिवार को दोपहर बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली असंतुलित होकर नगर पंचायत के गेट में लगे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए नगर पंचायत का शिलापट भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस कारण रात्रि 1. 50 से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इसको 10 घंटे बाद पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारियों ने दोपहर 12 बजे बहाल किया। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से नगरवासियों के सामने पानी की किल्लत हुई। रोजमर्रा के कार्यों में दिक्कत आई। गर्मी से जूझना पड़ा। वहीं नगर वासियों ने रोष जताते हुए कहा कि दिन हो या रात भूसी के ओवरलोड भरे ट्रकों से आए दिन विद्युत आपूर्ति बाधित होती रहती है। इसको अभी तक लगाम लगाने की कोशिश नहीं की गई है जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। वैसे तो दिनदहाड़े ओवरलोड भूसी के ट्रकों, लकड़ी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉलियों का आना जाना लगा रहते हैं, पर पुलिस और परिवहन विभाग भी इस पर ध्यान नहीं देता है। अभी कुछ दिन पूर्व ही दूनी डैम रोड की ओर से ओवरलोड भूसी लदा ओवरलोड ट्रक मझोला की ओर आ रहा था। चौकी मझोला के समीप ट्रक में फंसने से तार टूट गया। क्रॉसिंग के नीचे से गुजर रहे ट्रैक्टर मालिक पर बिजली लाइन का तार टूटकर गिरा। विद्युत सप्लाई चल रही थी जिस पर ट्रैक्टर मालिक ने चलता चलते ट्रैक्टर से कूद कर अपनी जान बचाई थी। वहीं चलता हुआ ट्रैक्टर, रोड किनारे खड़ी जीप में टकरा कर रुक गया था। विभागीय कर्मचारी व अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते। इसका खामियाजा नगर के लोगों को उठाना पड़ता है।
विद्युत सप्लाई सुचारु होने में लगभग 10 घंटे का समय लगा है। देर रात लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली खंभे से टकराने पर आपूर्ति बाधित हुई थी। - दीपेश तोमर, अवर अभियंता
नगर पंचायत व पावर कॉरपोरेशन की तरफ से कोई भी शिकायत अभी तक नहीं की गई है। इसके चलते ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकी। - कमलेश सिंह, चौकी इंचार्ज, मझोला