मैनपुरी के आजाद नगर में देर शाम शिक्षक धर्मवीर के मकान में पार्सल बम से धमाका हो गया। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना में एक बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई। मौके पर जले सामान और सैंपल जांच के लिए एकत्रित कर लिए गए।
धमाका गुरुवार को शाम लगभग सात बजे हुआ। धमाके के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे तो घर में बारूद की गंध फैली हुई थी। साथ ही कमरे में मौजूद एक बच्ची दीपाली, उसके पिता श्याम सिंह उर्फ महावीर, ओमवीर उर्फ मनोज और महावीर की मां विद्या देवी घायल हो गए थे।
धर्मवीर की पत्नी अमिता ने मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि यह पार्सल बुधवार को आगरा के सुंदरपाड़ा पुलिस लाइन निवासी अरविंद कुमार पुत्र होतीलाल के पते से भेज गया था। अरविंद उनके पति के दोस्त हैं। बुधवार को वह लोग कानपुर गए थे। गुरुवार को लौटकर उन्होंने पार्सल खोला तो उसमें इमरजेंसी लाइट निकली।
स्वीच आन करने पर लाइट नहीं जली। इसलिए उसे चार्जिग के लिए लगाया। बटन आन करते ही वह फट गई। एएसपी आरपी सिंह का कहना है कि मौके पर बारूद की गंध और राख मिली है।
उन्होंने बताया कि धमाके के बाद मौके पर कुछ छर्रे जैसी वस्तु और कागज आदि के टुकड़ फैले हुए मिले हैं। फारेंसिंक टीम को बुलाकर सैंपल ले लिए गए हैं। उनकी जांच कराई जाएगी। पार्सल किस पते से आया है और वह सही है या नहीं इसकी जांच कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि धर्मवीर के परिवार की उनके गांव बेवर के हुसैनपुर में रंजिश चल रही है। धर्मवीर के बड़े भाई रामवीर और उनका पुत्र अनिल हत्या के आरोप जेल में हैं। इसलिए रंजिश को ध्यान में रखते हुए भी घटना की जांच की जा रही है।