मुबारकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के आरोपी 17 वर्षीय युवक से ही 13 साल की पीड़ित किशोरी की पंचायत द्वारा शादी करवाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान ने भी शादी करवाने में मदद की। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है मामला गंभीर है। इसकी जांच कराई जाएगी। अपराध का फैसला पंचायत में नहीं, बल्कि कोर्ट में होगा।
पीड़ित किशोरी अपनी बुआ के घर रहती है। बुआ ने उसे गोद लिया है। वह गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती है। बुआ के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। पति-पत्नी दोनों काम करने जाते हैं। नौ अक्तूबर की शाम को बच्ची घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी युवक पहुंचा और उसने बलात्कार किया।
किशोरी के घरवाले पुलिस से शिकायत करते, इससे पहले ही आरोपी के घर वाले पहुंच गए और सुलह का दबाव बनाने लगे। गांव में पंचायत बुलाई गई। 10 अक्तूबर को पंचों ने दोनों की शादी का फरमान सुनाया। जयमाल मंगवकर दोनों का विवाह करा दिया।
पीड़ित परिवार पंचायत के निर्णय के आगे मजबूर है। ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचों के निर्णय के बाद दोनों की शादी करा दी गई है। फिलहाल दोनों अलग-अलग रह रहे हैं।