गांव सोरम के पहलवान गौरव बालियान ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
आखिरी 20 सेकेंड में गौरव ने गंवाया फाइनल
शाहपुर। क्षेत्र के गांव सोरम के पहलवान गौरव बालियान के एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल करने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गौरव की इस उपलब्धि पर गांव में जश्न मनाया गया। उसके कोच ने बताया कि आखिरी 20 सेकेंड में प्रतिद्वंद्वी पहलवान को दो अंक मिलने से गौरव को फाइनल गंवाना पड़ा।
क्षेत्र के गांव सोरम में संचालित टारगेट ओलंपिक कुश्ती एकेडमी के पहलवान गौरव बालियान ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में मंगोलिया व जापान के पहलवानों को पछाड़कर फाइनल में जगह बनाई। कोच निर्दोष बालियान ने बताया कि फाइनल में गौरव का मुकाबला किर्गिस्तान के पहलवान अर्सलान से हुआ। उसने प्रतिद्वंद्वी पहलवान पर 5 - 4 अंक से बढ़त बनाई लेकिन फाइनल खत्म होने में महज 20 सेकेंड रह गए थे, तभी प्रतिद्वंद्वी पहलवान दो अंक लेने में कामयाब रहा। गौरव को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। कोच ने बताया कि गौरव के स्वर्ण पदक न जीतने पर थोड़ी मायूसी जरूर है, लेकिन खुशी इस बात कि है कि गांव का यह पहलवान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती लड़ा और देश के लिए रजत पदक हासिल किया। यह गांव व क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। कोच ने बताया कि गौरव देश की कुश्ती का भविष्य है। पूर्व में भी उसने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल किए हैं। गौरव की जीत पर ग्राम प्रधान करणवीर सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान सुधीर चौधरी व शिवचरण चौधरी, जिला कबड्डी संघ के सचिव मास्टर रामपाल सिंह, आर्चरी संचालक विपिन बालियान के अलावा उसके परिजनों व कुश्ती एकेडमी के पहलवानों में खुशी की का माहौल है।