मुजफ्फरनगर में दुष्कर्म की एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने दुष्कर्म की वीडियो भी बनाई। वहीं वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और तीन आोपियों को दबोच लिया।
मुजफ्फरनगर जनपद में चरथावल थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म कर आरोपियों ने वीडियो बना ली। वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव में 26 मार्च को किशोरी को जंगल में ले जाकर दो युवकों ने जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया और एक आरोपी जावेद ने वीडियो बनाई। 30 मार्च की देर रात किशोरी के साथ दो युवकों द्वारा दुष्कर्म की वीडियो गांव में वायरल हुई, तो हड़कंप मच गया।
इसके बाद मामला पीड़िता के परिजनों तक पहुंच गया। वहीं रात में ही परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंच गए। वीडियो वायरल होने के बाद किरकिरी से बचने के लिए पुलिस ने आनन-फानन रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने रात में ही दबिश देकर आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने कुल्हेड़ी निवासी नावेद, सादिक और जावेद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। थाना प्रभारी आशुतोष ने बताया कि घटना का वीडियो देखकर बुधवार रात में ही घटना की सूचना मिली थी। उधर, सीओ सदर हेमंत कुमार ने थाने पहुंचकर आरोपिययों से पूछताछ की।