प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी मीरापुर में बैट्री गलाने वाली भट्ठी को सील करते हुए।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुरानी बैट्री गला कर सीसा निकालने वाली तीन भट्ठी बंद कर सील की
मुजफ्फरनगर। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई करते हुए पुरानी बैटरी की प्लेट गलाकर लेड (सीसा) निकालने वाली तीन भट्ठी को बंद कर सीज कर दिया है। विभाग इन पर जुर्माने की कार्रवाई भी करेगा। इन भट्ठियों से वायु प्रदूषण हो रहा था। इनमें दो भट्ठी खतौली की और एक मीरापुर में अवैध रूप से चल रही थी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि नागरिकों की सूचना मिली थी कि खतौली और मीरापुर बाईपास पर कुछ लोग भट्ठी लगाकर पुरानी बैटरी की प्लेट को गला कर सीसा निकालते है, जिसे वो सिल्लियां बना कर नई बैटरी बनाने वालों को बेचते है। भट्ठियों से जबरदस्त वायु प्रदूषण हो रहा है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका है। सूचना पर जेई विपुल कुमार ने टीम के साथ मौके पर जाकर खतौली के दयानंदनगर में एमएफ मेटल वर्क्स और टीटू के यहां चल रही दो भट्ठियों को बंद करा कर सीज कर दिया। इसके बाद मीरापुर में बाईपास पर चल रही भट्ठी एमएस मेटल को भी बंद कर सीज कर दिया। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी ने बताया कि तीनों भट्ठियां अवैध रुप से चल रही थी। इन्हें बंद कर सील लगा दी है। इस पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है।