गाजियाबाद से लापता युवक की सोंहजनी तगान में तलाश
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गाजियाबाद के अशोकनगर स्थित नशा मुक्ति केंद्र से संदिग्ध हालात में लापता हुए दिल्ली निवासी युवक की तलाश में गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को गांव सोंहजनी तगान में दबिश दी। पुलिस ने युवक की हत्या कर शव दफनाए जाने की आशंका में कई खेतों में गड्ढे खोदवाकर देखे, लेकिन शव नहीं मिलने पर पुलिस बैरंग लौट गई।
दिल्ली निवासी भारत भूषण उर्फ शैंकी (30) नशे का आदी था। नशे की लत छुड़वाने के लिए परिजनों ने उसे 18 जुलाई को गाजियाबाद के अशोक नगर में स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। 27 जुलाई को परिजन युवक से मिलने पहुंचे तो वह केंद्र पर नहीं मिला। युवक के बारे में पूछे जाने पर केंद्र संचालक सौरभ त्यागी कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद वह भी वहां से फरार हो गया। इस पर युवक के परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए गाजियाबाद थाने में 28 जुलाई को युवक की गुमशुदगी दर्ज करा दी, तभी से गाजियाबाद पुलिस लापता युवक के साथ ही नशा मुक्ति केंद्र संचालक की भी तलाश कर रही है। मंगलवार को गाजियाबाद पुलिस एसआई मुकेश कुमार टीम के साथ सोंहजनी तगान में केंद्र संचालक सौरभ त्यागी के रिश्तेदार के घर पहुंचे और फिर वहां से रिश्तेदार के खेतों में पहुंचकर कई जगह खोदाई कराई। एसआई मुकेश कुमार ने बताया कि जांच में युवक की हत्या कर शव को सोंहजनी तगान में दफनाए जाने की सूचनाएं मिली थी, जिसके चलते मंगलवार को गांव पहुंचकर शव की तलाश की गई। हालांकि दिनभर की कवायद के बावजूद न तो केंद्र संचालक हत्थे चढ़ा और न ही लापता युवक का शव मिला। इस पर गाजियाबाद पुलिस बैरंग लौट गई।