कोरोना संक्रमण के चलते जेल से छोड़े गए बंदी
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण में लगातार बढ़ने के कारण जिला कारागार से मुजफ्फरनगर और शामली के 93 विचाराधीन बंदियों को निजी मुचलकों पर छोड़ दिया गया है।
जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि सूबे में कोरोना संक्रमण के लगातार प्रसार के चलते हर ओर दहशत का माहौल है। जिला कारागार भी कोरोना के इस प्रसार से अछूती नहीं है और बड़ी संख्या में जेल के बंदी भी कोरोना संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने सूबे की जेलों में बंद ऐसे विचाराधीन बंदियों को अंतरिम जमानत के तहत निजी मुचलकों पर छोड़े जाने के आदेश दिए थे, जिनमें सात साल से कम सजा का प्रावधान हो।
उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में जेल में बंद 93 विचाराधीन बंदियों को अंतरिम जमानत के तहत निजी मुचलकों पर छोड़ दिया गया है। छोड़े गए बंदियों में जिला मुजफ्फरनगर के 70 और जनपद शामली के भी 23 बंदी शामिल हैं।