मुजफ्फरनगर में खतौली के गांव कैलावड़ा में सात वर्षीय केशव की हत्या के मामले में चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस अभी तक हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस जांच में उलझी हुई है। मृतक की मां ने अपनी देवरानी पर हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
गांव कैलावड़ा कलां में तेजपाल के सात वर्षीय पुत्र का शव 17 मई को उसी के घर में संदूक के नीचे पड़ा मिला था। इस मामले में चार दिन से पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
वहीं, रविवार को मृतक की मां सीमा ने अपनी देवरानी अंकिता पर केशव का गला घोंटकर उसकी हत्या करने का शक जताया है। जिस पर पुलिस ने मृतक की मां की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया था। बताया था कि मकान में अंकिता और उसका पुत्र केशव ही थे।
अंकिता ने उसे सामान लाने के लिए पैसे दिए थे। वह सौफे पर बैठकर चिप्स खा रहा था। कुछ देर बाद अंकिता ऊपर अपने कमरे में चली गई थी। मृतक की मां और उसकी दोनों पुत्रियां भी ऊपर कमरे में ही थीं। जब काफी देर तक केशव का पता नहीं चला तो वह उसे ढूंढने लगी। कुछ देर बाद उसका देवर हरीश नीचे कमरे में गया तो केशव का शव वहां पड़ा हुआ था।
प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया ने बताया कि हत्याकांड की जांच चल रही है। इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।