देवबंद। मंगलौर रोड स्थित ठेके के पास चाट की ठेली लगाने वाले व्यक्ति ने दो लोगों पर आंखों में मिर्ची झोंककर गल्ले में रखी करीब 2300 रुपये की नकदी लूटकर ले जाने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी मुकुल कश्यप ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि रोज की तरह वह बृहस्पतिवार को भी रहमान कॉलोनी के पास सड़क पर चाट की ठेली लगाए हुए खड़ा था। आरोप है कि इस दौरान मोहल्ला मुलतानियान निवासी दो युवक वहां पहुंचे और उसके साथ गाली गलौज करने लगे। जब उसने ऐसा करने से मना किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने ठेली पर रखी मिर्ची उठाकर उसकी आंखों में डाल दी और गल्ले में रखी 2270 रुपये की नकदी उठाकर ले गए। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद