दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.60 लाख हड़पने का आरोप
देवबंद। तलहेड़ी बुजुर्ग निवासी छोटा अली ने गांव के ही एक व्यक्ति पर दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 1.60 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। शनिवार को पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
छोटा अली ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने 11 नवंबर 2021 को दुबई स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे एक लाख 60 हजार रुपये लिए थे। लेकिन वहां जाकर पता चला कि उसे फर्जी दस्तावेजों के आधार पर टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया। जिसके चलते उसे वहां नौकरी भी नहीं मिली। इससे वह एक-एक पैसे का मोहताज हो गया। परेशान होकर उसने वहां जान पहचान के कुछ लोगों से कुछ रकम उधार ली और गांव लौट आया। छोटा अली ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जब उसने एजेंट से अपने दिए रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी। संवाद