किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव में प्लॉट में गई किशोरी के साथ बुधवार सुबह तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता द्वारा दी गई जानकारी के बाद परिजनों ने आरोपियों का विरोध किया। इस पर आरोपियों ने युवती के घर पहुंचकर हमला करते हुए फायरिंग भी कर दी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पीडिता पिता ने तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी बुधवार सुबह गांव के बाहर स्थित खाली प्लॉट में गोबर डालने गई थी। आरोप है कि गांव के ही राजीव, गुड्डू व आशु नामक युवक तमंचे के बल पर किशोरी को वहां से खींचकर जंगल में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ गोली मारने की धमकी देते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया। उधर, काफी देर तक किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजन व ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए, जिसके बाद वह जंगल में बदहवास हालत में पड़ी मिली। परिजन उसे घर ले गए, जहां उसने होश आने पर तीनों युवकों की करतूत उन्हें बताई। इस पर परिजन आरोपियों के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो उन्होंने पीड़िता के घर पहुंचकर परिजनों पर हमला करते हुए कई राउंड फायरिंग कर सभी को गोली से उड़ाने की धमकी दे डाली। घटना से गुस्साए परिजन व ग्रामीण उसी समय नई मंडी थाने पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से रिपोर्ट दर्ज करते हुए उनकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढे।