मिमलाना प्रकरण में पांच हमलावर गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। गांव मिमलाना में रविवार देर रात बच्चे के जन्म की खुशी में जश्न मना रहे परिवार की महिलाओं से छेड़छाड़ और विरोध पर उन पर हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच हमलावरों सुलेमान, बिलाल, इरशाद, ताहिद और इदरीश को गिरफ्तार कर लिया। गांव में तनावपूर्ण शांति है, जहां एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव मिमलाना निवासी एक परिवार में बच्चे के जन्म पर रविवार देर रात पास ही स्थित धर्मस्थल परिसर में डीजे बजाकर जश्न मनाया जा रहा था। देर रात दूसरे वर्ग के कुछ युवकों ने जबरन महिलाओं के बीच घुसकर छेड़छाड़ कर दी थी। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के घर पर हमला करते हुए जबरदस्त पथराव कर दिया था। इस दौरान धर्मस्थल परिसर में भी पथराव किया गया था, जिसमें छह लोग घायल हो गए थे। घटना को लेकर दो वर्गों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सोमवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने गांव में पंचायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, जिस पर सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दूसरे वर्ग के 22 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात दबिश देते हुए गांव निवासी सुलेमान, बिलाल, इरशाद, ताहिद और इदरीश को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हेें पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उधर, गांव में तनावपूर्ण शांति है, जिसके चलते घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।