मुजफ्फरनगर में शाहपुर क्षेत्र के गांव दुल्हेरा में दो घनिष्ठ दोस्तों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों युवक मंगलवार शाम घर से शाकंभरी देवी प्रसाद चढ़ाने के लिए बाइक से गए थे। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा किया और पुलिस को दो घंटे तक शव कब्जे में नहीं लेने दिया। एसएसपी ने 24 घंटे में खुलासे का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
मरने वाले दोनों युवक शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव दुल्हेरा निवासी दीपक (22 वर्ष) पुत्र किरणपाल और पारस (22 वर्ष) पुत्र गोपाल थे। दोनों हम उम्र होने के चलते घनिष्ठ दोस्त थे और मुजफ्फरनगर के आईटीआई कॉलेज में पढ़ रहे थे, साथ ही सेना भर्ती की तैयारी भी कर रहे थे। मंगलवार शाम दोनों दोस्त दीपक की पल्सर बाइक पर परिजनों से शाकंभरी देवी प्रसाद चढ़ाने जाने के लिए कहकर निकले थे।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर: वाहन चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, रेलवे का टीटीई निकला सरगना
वहीं बुधवार शाम करीब पांच बजे दोनों के शव गांव दुल्हेरा में माजरा मार्ग स्थित दीपक के नलकूप पर पड़े मिले। दोनों के सीने में गोली मारकर उनकी हत्या की गई थी। उनकी पल्सर बाइक वहीं खड़ी मिली। दीपक का बैग भी मौके पर मिला, जिसमें उनके कपड़े व माता का प्रसाद था। मौके से दीपक का मोबाइल नदारद था, जबकि पारस का मोबाइल उसी के पास मिला। इसके साथ ही शवों के पास एक खोखा कारतूस भी पड़ा मिला। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
यह भी पढ़ें: कैसे हो डेंगू से मुकाबला: जांच किट ही नहीं, बागपत के जिला अस्पताल में इलाज के लिए भटक रहे मरीज
सूचना पर सीओ बुढ़ाना विनय गौतम थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव मोर्चरी भेजने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने घटना के खुलासे की मांग को लेकर पुलिस को शव नहीं उठाने दिए। सूचना पर एसएसपी अभिषेक यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर 24 घंटे में वारदात का खुलासा करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। अभी दोनों युवकों की हत्या के कारण का पता नहीं चल सका।