मामूली विवाद में जिला पंचायत सदस्य पर हमला
खतौली (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में ढाकन चौक के निकट सड़क के बीच खड़ी ठेली को हटाने के लिए कहे जाने पर दूसरे वर्ग के लोगों ने भाजपा के जिला पंचायत सदस्य पर हमला कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने उनकी जान बचाई, जिसके बाद पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं में आक्रोश व्याप्त है। पार्टी नेताओं ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लौहड्डा निवासी भाजपा नेता मनोज कुमार जिला पंचायत सदस्य हैं। रविवार दोपहर वह एक साथी के साथ स्कूटर से किसी काम से कस्बे में आए थे। जीटी रोड से बड़ा बाजार होते हुए जब वे ढाकन चौक पर पहुंचे, तो वहां बीच सड़क पर खड़ी एक ठेली के कारण रास्ता अवरुद्ध हो रहा था, जिससे जाम की स्थिति बनी हुई थी। जिला पंचायत सदस्य ने दूसरे वर्ग के उक्त ठेली वाले से उसे ठेली हटाने के लिए कहा, तो उसने भाजपा नेता से गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर मनोज कुमार पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीचबचाव करने पर भाजपा नेता के साथी से भी मारपीट की गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें भीड़ से बचाया, जिसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए। भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य के साथ मारपीट से कस्बे के भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों में रोष व्याप्त है। वहीं, सीओ राकेश सिंह का कहना है कि सड़क से ठेली हटाने को लेकर दोनों पक्षों का विवाद हुआ था, जिसमें जिला पंचायत सदस्य से मारपीट की गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है, जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।